Home / उत्तराखंड / देहरादून / देहरादून : ED की पूछताछ के बाद बोले पूर्व सीएम हरीश रावत- उन्हें ED ने नहीं, बल्कि सत्ता के अहंकार और आगामी चुनावों को लेकर सत्तापक्ष के डर व चिंताओं ने बुलाया

देहरादून : ED की पूछताछ के बाद बोले पूर्व सीएम हरीश रावत- उन्हें ED ने नहीं, बल्कि सत्ता के अहंकार और आगामी चुनावों को लेकर सत्तापक्ष के डर व चिंताओं ने बुलाया

देहरादून । प्रवर्तन निदेशालय (ED) कार्यालय में लगभग छह घंटे चली लंबी पूछताछ के बाद पूर्व मुख्यमंत्री एवं वरिष्ठ कांग्रेस नेता हरीश रावत शाम 5:30 बजे बाहर निकले, जहां उनके साथ प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल जी और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।प्रवर्तन निदेशालय से हरीश रावत सीधे शहीदों को नमन करने के लिए विभिन्न शहीद स्मारकों एवं प्रतिमाओं पर पहुंचे।

पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत सबसे पहले गांधी पार्क पहुंचे, जहां उन्होंने नेताजी सुभाष चंद्र बोस एवं शहीद केसरी चंद की प्रतिमाओं पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की। इसके बाद उन्होंने गांधी पार्क स्थित कारगिल युद्ध के वीर शहीदों के स्मारक पर पुष्प अर्पित कर देश की रक्षा के लिए अपने प्राणों का बलिदान देने वाले अमर शहीदों को नमन किय। इस अवसर पर हरीश रावत जी ने कहा कि “देश के शहीदों के सामने हर परिस्थिति छोटी है। जिन्होंने भारत माता की रक्षा के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर कर दिया, उनके त्याग और बलिदान को हम कभी भुला नहीं सकते। शहीदों की स्मृति हमें यह याद दिलाती है कि देश, लोकतंत्र और संविधान के प्रति हमारा कर्तव्य सर्वोपरि है।”इसके पश्चात हरीश रावत जी नींबूवाला स्थित शहीद दल बहादुर थापा की प्रतिमा पर पहुंचे और माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की।

 

इसके बाद दुर्गा मल्ल पार्क में गोरखा समाज द्वारा पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत जी का स्वागत किया गया। हरीश रावत जी ने यहां महान स्वतंत्रता सेनानी एवं शहीद दुर्गा मल्ल की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धापूर्वक नमन किया।उन्होंने कहा कि “भारत के वीर सैनिकों ने अपने खून से देश की सीमाओं की रक्षा की है। उनका बलिदान किसी भी राजनीतिक परिस्थिति से कहीं बड़ा है। जब हम शहीद स्मारकों पर आते हैं तो हमें अपने अधिकारों से पहले अपने कर्तव्यों और राष्ट्र के प्रति अपनी जिम्मेदारी का स्मरण करना चाहिए।” 

प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) के समक्ष पेशी के बाद उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री और वरिष्ठ कांग्रेस नेता हरीश रावत ने केंद्र सरकार और भाजपा पर तीखा हमला बोला है। ईडी दफ्तर से बाहर आकर हरीश रावत ने कहा कि उनका अनुभव खट्टा-मीठा और कुछ निराशा भरा रहा। उन्होंने आरोप लगाया कि मौजूदा सरकारें बदले की भावना से काम कर रही हैं और अगर इसी तरह काम हुआ तो देश कैसे चलेगा।

​पूर्व सीएम ने कहा कि उन्हें अपनी नहीं, बल्कि देश और समाज की चिंता है। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि उन्हें ईडी ने नहीं, बल्कि सत्ता के अहंकार और आगामी चुनावों को लेकर सत्तापक्ष के डर व चिंताओं ने बुलाया था।

​तंजिया लहजे में बीजेपी और ईडी का आभार जताते हुए उन्होंने कहा कि खराब स्वास्थ्य के कारण वह दिल्ली में थे, लेकिन इस बहाने उन्हें उत्तराखंड आने का मौका मिल गया। वहीं पूछताछ को लेकर उन्होंने कहा कि अंदर बहुत प्यार से बातचीत हुई और जो हकीकत थी, वह उन्होंने अधिकारियों को बता दी है।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *