ऊधम सिंह नगर जिले में बड़ी कार्रवाई करते हुए विजिलेंस की ट्रैप टीम ने जसपुर में ग्राम पंचायत से जुड़े कार्यों के भुगतान के एवज में 20 हजार रुपये की रिश्वत लेते कनिष्ठ अभियंता (जेई) विवेक कुमार को रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। यह कार्रवाई शिकायतकर्ता की शिकायत के आधार पर की गई।
मिली जानकारी के अनुसार, एक पंजीकृत ठेकेदार ने विजिलेंस के टोल फ्री हेल्पलाइन नंबर 1064 पर शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायतकर्ता ने बताया कि उसने ब्लॉक जसपुर क्षेत्र में वाटर कूलर लगाने का कार्य किया था, जिसके भुगतान एवं ईनाम के एवज में कनिष्ठ अभियंता विवेक कुमार द्वारा 20 हजार रुपये तथा ग्राम पंचायत विकास अधिकारी दीपक सागर द्वारा 12 हजार रुपये की रिश्वत की मांग की जा रही थी।
शिकायतकर्ता रिश्वत नहीं देना चाहता था, इसलिए उसने विजिलेंस से शिकायत की। शिकायत का प्रथम दृष्टया सत्यापन सही पाए जाने के बाद पुलिस अधीक्षक, विजिलेंस सेक्टर हल्द्वानी के निर्देशन में एक ट्रैप टीम का गठन किया गया। टीम ने सोमवार को कार्रवाई करते हुए अभियुक्त कनिष्ठ अभियंता विवेक कुमार को शिकायतकर्ता से 20 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए कुंडा, काशीपुर में रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया।
इस मामले में ग्राम पंचायत विकास अधिकारी दीपक सागर के विरुद्ध भी भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। विजिलेंस निदेशक डॉ. वी. मुरूगेशन ने सफल ट्रैप कार्रवाई करने वाली टीम को नकद पुरस्कार देने की घोषणा की है। साथ ही उन्होंने आम जनता से अपील की है कि भ्रष्टाचार से संबंधित किसी भी शिकायत की सूचन विजिलेंस विभाग के टोल फ्री हेल्पलाइन नंबर 1064 अथवा व्हाट्सएप हेल्पलाइन नंबर 9456592300 पर देकर भ्रष्टाचार के विरुद्ध अभियान में अपना महत्वपूर्ण योगदान दें।







