Home / उत्तराखंड / देहरादून / देहरादून पुलिस फायर एंड इमरजेंसी सर्विसेज की तत्परता से टलीं अनेक संभावित दुर्घटनाएँ, 24 घंटों में लगभग हर घंटे एक आपातकालीन कॉल का हुआ सफल निस्तारण

देहरादून पुलिस फायर एंड इमरजेंसी सर्विसेज की तत्परता से टलीं अनेक संभावित दुर्घटनाएँ, 24 घंटों में लगभग हर घंटे एक आपातकालीन कॉल का हुआ सफल निस्तारण

देहरादून :भीषण गर्मी एवं हीट वेव की परिस्थितियों के बीच देहरादून फायर एंड इमरजेंसी सर्विसेज के अग्निशमन कर्मियों ने अदम्य साहस, कर्तव्यनिष्ठा एवं त्वरित प्रतिक्रिया का परिचय देते हुए विगत 24 घंटों में प्राप्त कुल 21 आपातकालीन अग्नि एवं राहत कॉलों का सफलतापूर्वक निस्तारण किया, यह औसतन प्रत्येक घंटे लगभग एक आपातकालीन कॉल के बराबर है, जो विभाग की उच्च स्तरीय तत्परता एवं कार्यकुशलता को दर्शाता है।

जनपद के विभिन्न क्षेत्रों में घास-फूस, कूड़े के ढेर, पेड़ों, वाहनों एवं भवनों में आग लगने की घटनाओं की सूचना प्राप्त होते ही फायर स्टेशन देहरादून, विकासनगर, डोईवाला एवं ऋषिकेश से अग्निशमन वाहन एवं प्रशिक्षित फायर यूनिट्स तत्काल घटनास्थल के लिए रवाना हुईं। अग्निशमन कर्मियों ने विषम परिस्थितियों, तीव्र गर्मी, धुएँ एवं आग की लपटों के बीच स्वयं के जीवन को जोखिम में डालकर आग पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित किया तथा संभावित बड़े नुकसान को टाल दिया।

विशेष उल्लेखनीय तथ्य यह है कि सभी घटनाओं में कोई जनहानि अथवा गंभीर चोट की सूचना प्राप्त नहीं हुई। अग्निशमन दलों की त्वरित एवं पेशेवर कार्रवाई के कारण आग को प्रारंभिक अवस्था में ही नियंत्रित कर लिया गया, जिससे आसपास की संपत्तियों, वनस्पति एवं जनजीवन को सुरक्षित रखा जा सका।

इन 21 घटनाओं में से फायर स्टेशन देहरादून द्वारा 12, फायर स्टेशन डोईवाला द्वारा 3, फायर स्टेशन विकासनगर द्वारा 3 तथा फायर स्टेशन ऋषिकेश द्वारा 2 घटनाओं का सफल निस्तारण किया गया। इसके अतिरिक्त मसूरी क्षेत्र में भी एक घटना का प्रभावी प्रबंधन किया गया। सभी इकाइयों ने समन्वित रूप से कार्य करते हुए उत्कृष्ट प्रतिक्रिया क्षमता का प्रदर्शन किया।

एसएसपी देहरादून द्वारा सभी अग्निशमन अधिकारियों एवं कर्मियों की सराहना करते हुए कहा कि फायर सर्विस के जवान चौबीसों घंटे जनता की सुरक्षा के लिए समर्पित हैं। उन्होंने कहा कि अत्यधिक तापमान एवं आग की बढ़ती घटनाओं के बावजूद विभाग की प्रत्येक इकाई पूर्ण सतर्कता एवं तत्परता के साथ कार्य कर रही है। अग्निशमन कर्मियों द्वारा अपने प्राणों की परवाह किए बिना जनसुरक्षा हेतु किया गया यह कार्य अत्यंत प्रशंसनीय है।

उन्होंने जनसामान्य से भी अपील की कि गर्मी के मौसम में सूखी घास, कूड़ा-कचरा, खुले में ज्वलनशील पदार्थ तथा विद्युत उपकरणों के उपयोग में विशेष सावधानी बरतें तथा किसी भी आपात स्थिति में तत्काल अग्निशमन सेवा के आपातकालीन नंबर 112 पर सूचना दें।

देहरादून पुलिस फायर एंड इमरजेंसी सर्विसेज जनसुरक्षा एवं आपदा प्रबंधन के प्रति अपनी प्रतिबद्धता के साथ निरंतर सेवाएँ प्रदान कर रही है तथा प्रत्येक नागरिक की सुरक्षा हेतु सदैव तत्पर है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *