देहरादून। पूर्व मुख्यमंत्री एवं कांग्रेस के वरिष्ठ नेता हरीश रावत ने आज देहरादून के विभिन्न क्षेत्रों से जुड़े गणमान्य एवं प्रबुद्ध नागरिकों के सम्मान में एक आत्मीय दोपहर भोज का आयोजन किया। इस अवसर पर उन्होंने कांग्रेस की वरिष्ठ नेता एवं पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष श्रीमती सोनिया गांधी द्वारा लिखित पुस्तक ‘Belonging: A Journey of Love’ सभी आमंत्रित अतिथियों को सप्रेम भेंट की।
इस आत्मीय आयोजन में कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं एवं पदाधिकारियों के साथ उत्तराखंड के प्रतिष्ठित चिकित्सक, पूर्व प्रशासनिक अधिकारी, वरिष्ठ पत्रकार, साहित्य एवं संस्कृत जगत से जुड़े विद्वान, जनसरोकारों को मुखरता से उठाने वाले चिंतक तथा वामपंथी दलों के प्रतिनिधि भी सम्मिलित हुए।करीब 60-70 लोगों की इस गरिमामयी उपस्थिति ने आयोजन को राजनीतिक सीमाओं से परे संवाद, सौहार्द और वैचारिक आदान-प्रदान का एक सुंदर अवसर बना दिया।
भोज से पूर्व हरीश रावत ने स्वयं प्रत्येक अतिथि के पास जाकर उन्हें सोनिया गांधी की पुस्तक भेंट की। इस दौरान उत्तराखंड प्रभारी राष्ट्रीय महासचिव कुमारी शैलजा ने भी पद्मश्री बसंती बिष्ट पूर्व मुख्य सचिव इत्यादि को अपने हाथों से सोनिया जी की पुस्तक भेंट की एवं सोनिया जी के साथ बिताए हुए अपने अनुभव साझा किए। कुमारी शैलजा ने बताया कि सोनिया जी में कितनी आत्मीयता और ममत्व का भाव है, और वह वह पल जो उन्होंने सोनिया गांधी जी के साथ बिताए हैं वह उनके लिए अविस्मरणीय हैं।
प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदयाल , नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य और चुनाव अभियान समिति के अध्यक्ष प्रीतम सिंह ने कुमारी शैलजा जी की बातों का स्वागत करते हुए अपने आप को उनसे सबद्ध किया तथा वहां उपस्थित गणमान्य अतिथियों का कार्यक्रम में स्वागत किया।भोजन के उपरांत पुस्तक को लेकर उपस्थित अतिथियों के विचार और प्रतिक्रियाएं भी जानी गईं। सभी ने संक्षेप में पुस्तक के विषयवस्तु, उसके भावनात्मक पक्ष और उसमें निहित अनुभवों पर अपने विचार साझा किए।
उपस्थित लोगों ने इस पहल की मुक्तकंठ से सराहना करते हुए हरीश रावत का हृदय से आभार व्यक्त किया। उनका कहना था कि लंबे समय बाद विभिन्न क्षेत्रों में सक्रिय परिचितों और मित्रों से एक साथ मिलने, आत्मीय संवाद करने और विचारों का आदान-प्रदान करने का अवसर मिला। साथ ही सोनिया गांधी की पुस्तक उपहार स्वरूप प्राप्त होना इस मुलाकात को और भी विशेष बना गया। अनेक अतिथि पुस्तक को पढ़ने के लिए विशेष रूप से उत्सुक दिखाई दिए।
यह आयोजन इस बात का सुंदर उदाहरण रहा कि सार्वजनिक जीवन में संवाद, आत्मीयता, साहित्य और विचारों का आदान-प्रदान किस प्रकार विभिन्न विचारधाराओं एवं कार्यक्षेत्रों से जुड़े लोगों को एक साझा मंच पर ला सकता है। हरीश रावत की इस पहल ने एक बार फिर यह संदेश दिया कि राजनीति केवल सत्ता और संघर्ष तक सीमित नहीं है, बल्कि समाज के विभिन्न वर्गों के बीच रिश्तों, संवाद और वैचारिक पुलों को मजबूत करना भी सार्वजनिक जीवन का एक महत्वपूर्ण दायित्व है।
कार्यक्रम में हरक सिंह रावत अध्यक्ष चुनाव प्रबंधन समिति, गुरदीप सिंह चप्पल सी डब्ल्यू सी सदस्य, करण महारा पूर्व अध्यक्ष/ सी डब्ल्यू सी सदस्य, राष्ट्रीय सचिव प्रभारी दिल्ली कांग्रेस काजी निजामुद्दीन , प्रकाश जोशी प्रभारी पश्चिम बंगाल, पूर्व का बिना मंत्री शूरवीर सिंह सजवान, उप नेता प्रतिपक्ष भुवन कापड़ी, सह प्रभारी मनोज यादव एवं सुरेंद्र शर्मा पूर्व राज्यसभा सांसद प्रदीप टम्टा उपाध्यक्ष सुरेंद्र अग्रवाल,संजय शर्मा,मुख्य प्रवक्ता गरिमा मेहरा दसौनी, प्रदीप जोशी सुमित्र भुल्लर, नृप सिंह नपच्याल, पूर्व मुख्य सचिव, उत्तराखण्ड शासन, विनोद शर्मा, सेवा निवृत्त आईएएस, चन्द्र सिंह नपच्याल, से०नि० आईएएस पद्मश्री कल्याण सिंह रावत शामिल रहे।









