Home / उत्तराखंड / देहरादून में पुलिस और बदमाश के बीच मुठभेड़, चैन स्नैचर के पैर में गोली लगने से घायल, चोरी की स्कूटी और तमंचा बरामद

देहरादून में पुलिस और बदमाश के बीच मुठभेड़, चैन स्नैचर के पैर में गोली लगने से घायल, चोरी की स्कूटी और तमंचा बरामद

देहरादून। बसंत विहार थाना पुलिस और एक शातिर बदमाश के बीच देर रात हरबंसवाला बैरियर के पास मुठभेड़ हो गई। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में 25 हजार का इनामी व शातिर चैन स्नैचर पैर में गोली लगने से घायल हो गया। घायल बदमाश की पहचान आकाश उर्फ ‘तमंचा’ (27) पुत्र जगदीश लाल, निवासी शिवाजी एनक्लेव (रायपुर) के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी की स्कूटी, अवैध तमंचा, कारतूस और हाल ही में लूटी गई सोने की चैन बरामद की है।

चेकिंग के दौरान टी-स्टेट की तरफ भागा आरोपी

देर रात बसंत विहार पुलिस हरबंसवाला बैरियर पर सघन चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान बिना नंबर प्लेट की नीले रंग की एक्टिवा स्कूटी पर आ रहे एक संदिग्ध को पुलिस टीम ने रोकने का इशारा किया। चालक रुका नहीं और स्कूटी मोड़कर तेजी से टी-स्टेट की ओर भागने लगा।

 

पुलिस पर झोंका फायर, जवाबी कार्रवाई में लगा निशाना

पुलिस टीम ने संदिग्ध का पीछा किया तो खुद को घिरता देख बदमाश ने पुलिस पर जान से मारने की नियत से फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस टीम ने आत्मरक्षार्थ जवाबी फायरिंग की, जिसमें एक गोली बदमाश के पैर में जा लगी और वह वहीं गिर पड़ा। मुठभेड़ की सूचना मिलते ही वरिष्ठ पुलिस अधिकारी तत्काल मौके पर पहुंचे और एफएसएल (FSL) टीम ने घटनास्थल का मुआयना कर साक्ष्य जुटाए।

 

अस्पताल में भर्ती, अधिकारियों ने लिया जायजा

घायल बदमाश को तत्काल प्रेमनगर चिकित्सालय ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उसे दून जिला अस्पताल रेफर कर दिया। वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों ने अस्पताल पहुंचकर आरोपी से पूछताछ की और स्थिति का जायजा लिया।

14 अगस्त की वृद्धा से चैन स्नैचिंग का था आरोपी

पूछताछ में सामने आया कि पकड़ा गया बदमाश गत 14 अगस्त 2026 को बसंत विहार इलाके में एक वृद्ध महिला से हुई दिनदहाड़े चैन स्नैचिंग की वारदात का मुख्य आरोपी है। उसके खिलाफ बसंत विहार थाने में मुकदमा दर्ज था।

बरामदगी का विवरण:

अवैध असलहा: 01 देसी तमंचा (315 बोर), 01 जिंदा कारतूस और 01 खोखा कारतूस।

वाहन: 01 नीले रंग की एक्टिवा स्कूटी (बिना नंबर, जो कोतवाली नगर क्षेत्र से चोरी की गई थी)।

लूटा गया माल: 14 अगस्त को वृद्धा से लूटी गई सोने की चैन। #

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *