देहरादून। आज 8 अगस्त को हल्द्वानी में भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस कमेटी के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे की रैली के उपरांत मंच का कुछ असामाजिक तत्वों द्वारा कथित रूप से “शुद्धिकरण” किए जाने के प्रकरण को लेकर कांग्रेस कार्यकर्ताओं एवं पदाधिकारियों में आक्रोश है।
इसी मामले को लेकर ब्लॉक कांग्रेस कमेटी अजबपुर के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने नेहरू कॉलोनी थाने पहुंचकर थाना अध्यक्ष को ज्ञापन सौंपा और प्रकरण में शामिल संबंधित व्यक्तियों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर निष्पक्ष एवं प्रभावी कानूनी कार्रवाई किए जाने की मांग की।
कांग्रेस नेताओं ने कहा कि किसी राष्ट्रीय नेता की उपस्थिति वाले मंच का कार्यक्रम समाप्त होने के बाद कथित रूप से “शुद्धिकरण” किया जाना केवल एक व्यक्ति का अपमान नहीं, बल्कि संवैधानिक मूल्यों, समानता, सामाजिक सद्भाव एवं लोकतांत्रिक मर्यादाओं पर गंभीर प्रश्न खड़ा करता है। ऐसे कृत्यों से समाज में भेदभाव और वैमनस्य की भावना को बढ़ावा मिलता है, जिसे किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं किया जा सकता।
कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने मांग की कि पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच कराई जाए तथा घटना से संबंधित वीडियो, फोटो एवं अन्य उपलब्ध साक्ष्यों को जांच में शामिल करते हुए दोषी व्यक्तियों के विरुद्ध कानून के अनुसार कठोर कार्रवाई की जाए। साथ ही, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष श्री महेंद्र भट्ट जी की कथित भूमिका की भी निष्पक्ष जांच कर जांच में अपराध पाए जाने पर उनके विरुद्ध भी नियमानुसार मुकदमा दर्ज किया जाए।
कांग्रेस नेताओं ने कहा कि कानून सभी के लिए समान है और किसी भी राजनीतिक दल या व्यक्ति को सामाजिक सौहार्द एवं संवैधानिक मर्यादाओं का उल्लंघन करने की छूट नहीं दी जा सकती। कांग्रेस पार्टी लोकतंत्र, संविधान और सामाजिक एकता की रक्षा के लिए हमेशा मजबूती से आवाज उठाती रहेगी।
उन्होंने पुलिस प्रशासन से मांग की कि मामले में शीघ्र कार्रवाई करते हुए दोषियों के विरुद्ध कानूनी प्रक्रिया प्रारंभ की जाए और की गई कार्रवाई से कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल को अवगत कराया जाए।
इस मौके पर राष्ट्रीय संयोजक युवा कांग्रेस भूपेंद्र नेगी, ब्लॉक कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष संजय उनियाल, प्रदेश प्रवक्ता कांग्रेस पार्टी आशीष नौटियाल जी पूर्व महानगर उपाध्यक्ष रिपु दमन सिंह, पार्षद अमित भंडारी, पूर्व प्रदेश सचिव तेजिंदर रावत जी, वरिष्ठ कांग्रेस नेता अनिल उनियाल जी, वरिष्ठ कांग्रेस नेत्री सत्य पोखरियाल, गणेश डांडियायल, राज्य आंदोलनकारी दीपक खंडूरी जी, आजेंद्र गोसाई आदि मौजूद रहे।







