देहरादून । भागलपुर बिहार के इशीपुर बाराहाट में हुए विक्रमशिला हिंदी विद्यापीठ के 27 वें वार्षिक अधिवेशन में हिंदी को विश्व स्तर पर प्रतिष्ठित करने के संकल्प के साथ विभिन्न प्रदेशों से आए हिंदी विद्वानों, साहित्यकारों, नाट्यकर्मियों, कवियो को अकादमिक सारस्वत सम्मान प्रदान किये गए।
उत्तराखंड के वरिष्ठ नाटककार रंगकर्मी डॉ वी के डोभाल को उनकी रंगमंचीय सेवाओं, सारस्वत साधना, नाट्य लेखन में महत्वपूर्ण उपलब्धियों,शैक्षिक प्रदेयों,महनीय शोध तथा राष्ट्रीय प्रतिष्ठा के आधार पर विक्रमशिला हिन्दी विद्यापीठ की अकादमिक परिषद की अनुशंसा पर नाट्यकला संस्कृति रंग विभूषण मानद सम्मान के साथ विश्वविद्यालय का उप कुलपति बनाया गया।
इस अवसर पर विद्यापीठ की कार्यपरिषद के नवगठन के तहत डॉ देवेंद्र नाथ शाह (बिहार) को कुलाधिपति, डॉ प्रेमचंद पांडेय (झारखंड) को कुलपति, कुमार प्रीतम (बिहार) को कुलसचिव नियुक्त किया गया है। कार्यपरिषद सदस्यों के रूप में अन्य राज्यो को भी प्रतिनिधित्व दिया गया है।
विक्रमशिला विश्वविद्यालय की स्थापना पाल वंश के शासक धर्मपाल द्वारा सन 775 ईसवी में की गई थी और सन 800 ईसवी से 1200 ईसवी तक यहां दस हजार विद्यार्थी विद्या अध्ययन करते थे, मुगलकाल में इस विश्वविद्यालय को भी जला दिया था, बाद में 18 वीं सदी से फिर इस संस्था को तत्कालीन हिंदी सेवियो द्वारा पुनर्जीवित किया गया, तब से यह संस्था हिंदी को बढ़ावा देने में अग्रणी भूमिका निभा रही है।
नाट्यकला संस्कृति रंगविभूषण सम्मान और उप कुलपति मनोनीत होने पर संस्कृति कर्मियों, रंगकर्मियों और परिजनों में हर्ष है। रंगकर्मी निमिष भटनागर, धर्मानंद लखेड़ा,सतीश धौलाखंडी, सतनाम, हरिओम पाली, गरिमा शर्मा, गर्विता, डॉ विष्णु सरकार, ओमप्रकाश नदीम, ओमप्रकाश नूर ने बधाई दी और कहा कि ये हमारे और डॉ वी के डोभाल की ये उपलब्धि उत्तराखंड के लिये भी गौरव की बात है।








