देहरादून : प्रदेश कांग्रेस के वरिष्ठ उपाध्यक्ष सूर्यकांत धस्माना आज दोपहर भारतीय जनता पार्टी की वरिष्ठ नेत्री एवं विजय पार्क की पार्षद अमिता सिंह के बल्लीवाला चौक स्थित आवास पर पहुंचे और उनके परिवार का कुशलक्षेम जाना।
विदित हो कि बीते मंगलवार की रात अमिता सिंह के घर में कार्यरत घरेलू नौकर ने रात के खाने में नशीला पदार्थ मिला दिया। परिवार के सभी सदस्य अचेत हो गए जिसके बाद नौकर ने घर में रखी ज्वेलरी, नकदी, मोबाइल फोन सहित कीमती सामान लेकर फरार हो गया। नौकर द्वारा पहले यह सुनिश्चित किया गया कि परिवार के सभी लोग गहरी नींद में हैं, उसके बाद उसने इस जघन्य वारदात को अंजाम दिया।
अमिता सिंह ने सूर्यकांत धस्माना को बताया कि उक्त नौकर को उन्होंने कुछ समय पूर्व दिल्ली की एक एजेंसी के माध्यम से बतौर रसोइया रखा था।
इस हृदयविदारक घटना पर गहरी चिंता व्यक्त करते हुए धस्माना ने देहरादून के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक प्रमेंद्र सिंह डोभाल से दूरभाष पर वार्ता की और अपराधियों की अविलंब गिरफ्तारी की मांग की। साथ ही उन्होंने थाना वसंत विहार के थानाध्यक्ष से भी प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने धस्माना को आश्वस्त किया कि पुलिस हर हाल में अपराधियों को गिरफ्तार कर इस केस का शीघ्र अनावरण करेगी।सूर धस्माना ने कहा कि राजधानी में लगातार बढ़ रही इस प्रकार की घटनाएं बेहद चिंताजनक हैं और पुलिस को घरेलू नौकरों को रखने वाली एजेंसियों का भी सत्यापन करना चाहिए।








