देहरादून : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ईंधन और पेट्रोल डीजल की बजत को लेकर की गई अपील पर एक और जहां मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने अपनी फ्लीट में वाहनों की संख्या को आधा कर दिया है तो कई ऐसे मंत्री विधायक व अधिकारी हैं जो स्कूटर से या फिर पब्लिक ट्रांसपोर्ट से दफ्तर या फिर कार्यालय पहुंच रहे हैं इसी कड़ी में डीजी सूचना बंशीधर तिवारी ने भी अपने विभाग के अधिकारियों व कर्मचारियों को खास निर्देश दिए हैं।
शासन से प्राप्त निर्देशों के क्रम में ऊर्जा संरक्षण और संसाधनों के विवेकपूर्ण उपयोग को बढ़ावा देने के लिए महानिदेशक सूचना बंशीधर तिवारी ने सूचना विभाग में प्रत्येक शनिवार को “नो व्हीकल डे” के रूप में मनाने के निर्देश जारी किए हैं।
महानिदेशक सूचना ने विभागीय अधिकारियों एवं कर्मचारियों से अपील की है कि प्रत्येक शनिवार को कार्यालय आने-जाने के लिए सार्वजनिक परिवहन, साइकिल जैसे विकल्पों को अपनाएं। उन्होंने कहा कि छोटे-छोटे प्रयास सामूहिक रूप से बड़े सकारात्मक बदलाव ला सकते हैं और यह पहल ऊर्जा संरक्षण के राष्ट्रीय अभियान को मजबूती प्रदान करेगी।
उन्होंने यह भी कहा कि विभाग स्वयं इस पहल को अपनाकर समाज के सामने एक सकारात्मक उदाहरण प्रस्तुत करेगा। “नो व्हीकल डे” के माध्यम से न केवल ईंधन की बचत होगी, बल्कि कार्बन उत्सर्जन में कमी लाकर पर्यावरण संरक्षण में भी महत्वपूर्ण योगदान सुनिश्चित किया जा सकेगा।








