भाजपा का वार, हार स्वीकारने के बजाय कांग्रेस कर रही जनादेश का अपमान : मनवीर चौहान

देहरादून। भाजपा के प्रदेश मीडिया प्रभारी मनवीर सिंह चौहान ने कहा कि जनता के कोप का भाजन बनी कांग्रेस हार के बहाने तलाश रही है और इसमे वह सरासर जनादेश का अपमान कर रही है।

कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष गणेश गोदियाल के बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए चौहान ने कहा कि जनता ने विकास के नाम पर भाजपा को मत दिया है और नतीजा राज्य से पांचो प्रत्याशी चुनाव जीतने मे सफल रहे। उन्होंने कहा कि कांग्रेस दुष्प्रचार के जरिये जीत का सपना देख रही थी और उसे इसका खामियाजा उठाना पड़ा है।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष का यह कथन हास्यास्पद है कि स्थानीय मुद्दों को लेकर उनकी आवाज जनता तक नही पहुंची। उन्होंने कहा कि तमाम यात्राएँ और राजनैतिक प्रोपगेंडा संचालित करने के बाद कांग्रेस अब नया राग छेड़ रही है। कांग्रेस हकीकत से बाहर नही निकल पा रही है।
उन्होंने कहा कि भाजपा ने किसी दल से किसी नेता को दबाव या स्वार्थवश नही तोड़ा, बल्कि सभी भाजपा की रीति नीति मे विश्वास कर भाजपा मे आये। उन्होंने पीएम मोदी के मार्गदर्शन और युवा सीएम पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व मे चल रहे विकास कार्यों से प्रभावित होकर राज्य के विकास मे सहयोगी बनने का संकल्प लिया।

चौहान ने कहा कि कांग्रेस हार पर मंथन करने के बजाय हार के लिए दूसरे माध्यमों पर दोषारोपण कर रही है। कांग्रेस जनता के बीच रहने के बजाय विकास कार्यों पर आरोप प्रत्यारोप की राजनीति करती रही और चुनाव से एन पहले प्रत्याशी तलाशने मे जुट गयी। सब जानते हैं कि कांग्रेस मे पहली कतार के कथित बड़े नेता चुनाव लड़ने से कतराते दिखे और अब इसकी चर्चा कांग्रेसी मंचों पर होने लगी है।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने अपनी आवाज दुष्प्रचार के लिए जनता के पास भेजी जिसे जनता ने नकार दिया। जनता विकास चाहती है और उप चुनाव मे फिर कांग्रेस की गलतफहमी दूर होने वाली है। पहले ईवीएम पर दोष मढ़ने वाली कांग्रेस अब एक्जिट पोल और मीडिया माध्यमों का बहाना बना रही है और जनता उसे फिर सबक सिखाने वाली है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *