16 महीने बाद देहरादून SSP अजय सिंह से मिलने पहुंची महिला, जताया आभार, सिर पर लगी थी गोली

देहरादून : एक युवती 16 महीने बाद दून पुलिस की त्वरित कार्यवाही पर आभार प्रकट करने एसएसपी अजय सिंह के पास पहुँची।

बता दें कि लगभग 16 महीने पहले का ये मामला आपको भी याद होगा। 13 जनवरी 2024 को थानो रोड पर बडासी पुल के नीचे पुलिस को एक घायल महिला बेहोशी की हालत में मिली थी, जिसे पुलिस द्वारा उपचार के लिए तत्काल दून अस्पताल में भर्ती कराया गया था।

उपचार के दौरान डाक्टरों द्वारा घायल महिला के सर पर गोली लगे होने और उसकी स्थिती गम्भीर होने की जानकारी दी गई थी। घटना में एसएसपी देहरादून द्वारा स्वंय अस्पताल पहुँचकर घायल महिला की स्थिति के संबंध में चिकित्सकों से जानकारी प्राप्त की गई, साथ ही घटना में शामिल अभियुक्त की गिरफ्तारी हेतु पुलिस की अलग-अलग टीमों का गठन किया गया।

पुलिस द्वारा घायल महिला की फोटो को सोशल मीडिया के माध्यम से प्रसारित किया गया था, जिस पर हरिद्वार निवासी उक्त महिला की बहन द्वारा उसकी पहचान तान्या पुत्री हेमराज चौहान के रूप में की गई थी। उक्त घटना में पुलिस द्वारा त्वरित कार्यवाही करते हुए घायल महिला के पति को पुलिस मुठभेड के बाद गिरफ्तार कर जेल भेजा गया था।

आज घायल महिला तान्या द्वारा अपने परिजनों के साथ वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून से शिष्टाचार भेंट की गई। भेंट के दौरान उक्त महिला और उनके परिजनों द्वारा घटना में पुलिस द्वारा की गई त्वरित कार्यवाही के लिये एसएसपी देहरादून का आभार प्रकट किया गया।

इस दौरान एसएसपी देहरादून ने महिला से उसके स्वास्थय के सम्बन्ध में जानकारी प्राप्त करते हुए उनके शीघ्र स्वास्थय लाभ की कामना की तथा उक्त घटना में अभियुक्त के विरूद्ध प्रभावी पैरवी कर उसे सख्त से सख्त सजा दिलाने का आश्वासन दिया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *