देहरादून। भाजपा प्रदेश महामंत्री दीप्ति रावत भारद्वाज ने महिला आरक्षण के मुद्दे पर कांग्रेस को घेरते हुए कहा कि महिलाओं के सम्मान, अधिकार और सशक्तीकरण की बातें करने वाली कांग्रेस का राजनीतिक आचरण उसके दावों से बिल्कुल अलग दिखाई देता है। कांग्रेस की राजनीति में महिलाओं के अधिकारों की बात तो खूब होती है, लेकिन जब महिलाओं को वास्तविक राजनीतिक भागीदारी और नेतृत्व का अवसर देने की बात आती है, तब उसका रवैया सवालों के घेरे में आ जाता है। कांग्रेस की महिला सशक्तीकरण संबंधी प्रतिबद्धता आखिर कितनी वास्तविक है, इसका जवाब देश की महिलाएं जानना चाहती हैं।
दीप्ति भारद्वाज ने कहा कि कांग्रेस की राजनीति में महिलाओं के प्रतिनिधित्व की तस्वीर देखें तो ऐसा प्रतीत होता है कि पार्टी के लिए महिला नेतृत्व का दायरा महज दो चेहरों तक सिमटकर रह गया है-एक राजमाता और दूसरी उनकी बेटी। पार्टी के भीतर सामान्य परिवारों से आने वाली प्रतिभाशाली महिलाओं, जमीनी स्तर पर संघर्ष करने वाली महिला कार्यकर्ताओं और संगठन को मजबूती देने वाली महिलाओं को नेतृत्व के पर्याप्त अवसर क्यों नहीं मिलते?
उन्होंने राहुल गांधी द्वारा 2024 में वायनाड लोकसभा सीट छोड़ने और वहां से प्रियंका गांधी को चुनाव लड़ाने के फैसले का उल्लेख करते हुए कहा कि कांग्रेस को स्पष्ट करना चाहिए कि क्या पार्टी में महिलाओं को आगे बढ़ाने का अवसर केवल गांधी परिवार तक सीमित है? देशभर में संगठन के लिए काम करने वाली लाखों महिला कार्यकर्ताओं के राजनीतिक भविष्य और उनके नेतृत्व के अवसरों पर कांग्रेस का शीर्ष नेतृत्व कब गंभीरता दिखाएगा?
दीप्ति भारद्वाज ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार ने नारी शक्ति वंदन अधिनियम के माध्यम से लोकसभा और राज्य विधानसभाओं में महिलाओं को 33 प्रतिशत आरक्षण देने की ऐतिहासिक पहल की है। यह महिलाओं को केवल सम्मान देने की बात नहीं, बल्कि उन्हें देश की विधायी और नीतिगत निर्णय प्रक्रिया में भागीदार बनाने का संवैधानिक संकल्प है। इसके विपरीत कांग्रेस को यह स्पष्ट करना चाहिए कि महिला आरक्षण के प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर उसकी आपत्तियां और राजनीतिक मांगें क्या हैं तथा वह इस विषय पर देश की महिलाओं को क्या ठोस आश्वासन देना चाहती है।
उन्होंने कहा कि महिला आरक्षण का मुद्दा किसी राजनीतिक दल के अहंकार या चुनावी सुविधा का विषय नहीं, बल्कि देश की करोड़ों महिलाओं के लोकतांत्रिक अधिकारों से जुड़ा विषय है। कांग्रेस को यह बताना चाहिए कि दशकों तक सत्ता में रहने के बावजूद वह महिलाओं को विधायी संस्थाओं में 33 प्रतिशत प्रतिनिधित्व दिलाने के लिए कानून क्यों नहीं बना सकी। आज जब इस दिशा में संवैधानिक पहल की गई है, तब कांग्रेस को राजनीतिक बयानबाजी से आगे बढ़कर अपने रुख और व्यवहार में स्पष्टता दिखानी चाहिए।
दीप्ति भारद्वाज ने उत्तराखंड का उल्लेख करते हुए कहा कि देवभूमि की मातृशक्ति ने राज्य निर्माण आंदोलन से लेकर प्रदेश के सामाजिक, आर्थिक और सांस्कृतिक विकास तक हर मोर्चे पर अग्रणी भूमिका निभाई है। पहाड़ की महिलाएं कठिन भौगोलिक परिस्थितियों में परिवार, खेती, पशुपालन और आजीविका की जिम्मेदारियां निभाने के साथ प्रदेश की अर्थव्यवस्था की मजबूत आधारशिला हैं। ऐसी मातृशक्ति को राजनीतिक निर्णय प्रक्रिया में अधिक भागीदारी मिलना समय की आवश्यकता है।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में उत्तराखंड सरकार महिलाओं को सशक्त बनाने के लिए निरंतर कदम उठा रही है। सरकारी सेवाओं में महिलाओं के लिए 30 प्रतिशत क्षैतिज आरक्षण और सहकारी संस्थाओं में महिलाओं की भागीदारी बढ़ाने के लिए 33 प्रतिशत आरक्षण जैसे प्रावधान इस दिशा में महत्वपूर्ण पहल हैं। राज्य सरकार का प्रयास है कि महिलाएं केवल योजनाओं की लाभार्थी न रहें, बल्कि आर्थिक, सामाजिक और राजनीतिक निर्णयों में भी प्रभावी भूमिका निभाएं।
उन्होंने 28 अप्रैल 2026 को उत्तराखंड विधानसभा में आयोजित विशेष सत्र का उल्लेख करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने नारी शक्ति वंदन अधिनियम के शीघ्र क्रियान्वयन के समर्थन में सदन में प्रस्ताव रखा। यह प्रदेश सरकार की उस प्रतिबद्धता को दर्शाता है, जिसमें महिलाओं के राजनीतिक अधिकारों को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जा रही है।
श्रीमती भारद्वाज ने कहा कि कांग्रेस को महिलाओं के नाम पर राजनीति करने के बजाय अपने संगठन और नेतृत्व में महिलाओं को वास्तविक अवसर देने चाहिए। देश की नारी शक्ति अब केवल आश्वासनों से संतुष्ट होने वाली नहीं है। वह अपने अधिकार, सम्मान और राजनीतिक भागीदारी के प्रति जागरूक है। प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में महिला सशक्तीकरण को नई दिशा मिली है और उत्तराखंड में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की सरकार भी मातृशक्ति के सम्मान, सुरक्षा, स्वावलंबन और भागीदारी के लिए प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है।









