देहरादून के डालनवाला कोतवाली क्षेत्र में हत्या से सनसनी फैल गई। एक बुजुर्ग ने अपनी पत्नी को मौत के घाट उतार दिया।
मिली जानकारी के अनुसार 5 सितंबर की रात थाना डालनवाला को एक डेथ मेमो कोरनेशन अस्पताल से प्राप्त हुआ, जिसमें बताया गया कि एक महिला को मृत अवस्था में अस्पताल में लाया गया है, जिसके शव को मोर्चरी में रखा गया है। सूचना पर थाने से प्रभारी निरीक्षक डालनवाला मय वरिष्ठ उपनिरीक्षक मय कर्मचारियों के राजकीय अस्पताल पहुंचे तो मालूम हुआ कि एक महिला उषा देवी पत्नी राम सिंह निवासी बलवीर रोड डालनवाला को अस्पताल लाया गया था, जिसकी संदिग्ध परिस्थितियों में मृत्यु हुई है। मृतका उषा की मृत्यु के संबंध में उसके पति से पूछताछ करने पर उसके द्वारा प्रथम दृष्टया पूछताछ में आनाकानी करते हुए किसी बात की जानकारी होने से इनकार किया गया, जिसके उपरांत मौके पर क्षेत्राधिकारी नगर और क्षेत्राधिकारी डालनवाला पहुँचे, जिनकी उपस्थित में स्थानीय व्यक्तियों से पूछताछ की गई और तत्पश्चात राम सिंह को उसके घर ले जाकर सख्ती से पूछताछ की गई।
राम सिंह द्वारा बताया कि उसकी शादी उषा देवी (उम्र 53 वर्ष) से 03 वर्ष पूर्व हुई थी और संपत्ति विवाद को लेकर उसका अक्सर अपनी पत्नी से झगड़ा होता रहता था, कल रात्रि में भी संपत्ति विवाद को लेकर उनका झगड़ा हुआ था और इसके चलते उसके द्वारा सोते समय अपनी पत्नी से सिर पर क्रिकेट के बल्ले से प्रहार कर उसकी हत्या कर दी गई थी, जिसके उपरांत क्रिकेट बल्ले को छत पर छिपाकर उसके द्वारा मृतका उषा के शव को 108 के माध्यम से कोरनेशन अस्पताल ले जाया गया था। जिसके बाद पार्षद निखिल कुमार पुत्र राम सिंह निवासी 07 संजय कॉलोनी डालनवाला द्वारा उषा देवी की राम सिंह द्वारा सिर पर बल्ले से प्रहार कर हत्या करने के संबंध में एक प्रार्थना पत्र थाना डालनवाला पर दिया गया, जिसके आधार पर कोतवाली डालनवाला में धारा 302 के तहत अभियोग पंजीकृत करते हुए राम सिंह को गिरफ्तार किया गया और जांच जारी है।
गिरफ्तार अभियुक्त
1-राम सिंह ठाकुर पुत्र स्व0 अमर सिंह निवासी बलबीर रोड, डालनवाला, देहरादून उम्र 72 वर्ष।
मृतिका का नाम
1-उषा देवी पत्नी राम सिंह निवासी बलबीर रोड डालनवाला, देहरादून, उम्र 53 वर्ष।
*घटना में बरामद आला नकब*
1-घटना में प्रयुक्त क्रिकेट का बल्ला











