सोशल मीडिया पर एक वीडियो जमकर वायरल हो रहा है जिसमें भाजपा विधायक के प्रतिनिधि एक मानसिक रूप से विक्षिप्त एक व्यक्ति पर पेशाब कर रहे हैं।
सीधी विधायक पंडित केदारनाथ शुक्ला के पूर्व विधायक प्रतिनिधि प्रवेश शुक्ला का एक वीडियो सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है। वीडियो में प्रवेश शुक्ला एक व्यक्ति के ऊपर पेशाब करते हुए दिखाई दे रहा है। वहीं, मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने वायरल वीडियो का संज्ञान लिया है और निर्देश दिए हैं कि अपराधी को किसी कीमत पर न छोड़ा जाए और कड़ी से कड़ी कार्रवाई की जाए। अपराधी पर एनएसए भी लगाएं।
वीडियो रिपोर्ट के अनुसार यह वीडियो 9 दिन पहले का सीधी के कुबरी बाजार का बताया जा रहा है। बताया जा रहा है कि वीडियो मैं नीचे बैठा व्यक्ति मानसिक रूप से विक्षिप्त है और सामने खड़ा व्यक्ति प्रवेश शुक्ला है जो नशे की हालत में उसके ऊपर पेशाब कर रहा है।
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, ग्राम कुबरी के रहने वाले प्रवेश शुक्ला पूर्व विधायक प्रतिनिधि थे। वर्तमान में वे सक्रिय बीजेपी कार्यकर्ता हैं। प्रवेश शुक्ला सामान्य परिवार से ताल्लुक रखते हैं।
वहीं वायरल वीडियो मामले में पुलिस अधिकारी का कहना है कि इस वीडियो की जांच की जा रही है।
वहीं पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ ने कहा, सीधी जिले से एक आदिवासी युवक के ऊपर पेशाब करने की क्रूरता का वीडियो सामने आया है। आदिवासी समाज के युवक के साथ ऐसी जघन्य और गिरी हुई हरकत का सभ्य समाज में कोई स्थान नहीं है। आरोप है कि पेशाब करने वाला व्यक्ति भाजपा से जुड़ा हुआ है। मध्यप्रदेश पहले ही आदिवासी अत्याचार में नंबर वन है। इस घटना ने पूरे मध्यप्रदेश को शर्मसार कर दिया है। उन्होंने कहा, मैं मुख्यमंत्री से मांग करता हूं कि दोषी व्यक्ति को सख्त से सख्त सजा दी जाए।












