देहरादून : पटेलनगर थाना क्षेत्र के मोहब्बे वाला में हुए ट्रक सड़क हादसे में एक की मौत हो गई। इस मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए ट्रक चालक के खिलाफ गैर इरादतन हत्या का मुकदमा दर्ज किया है साथ ही राष्ट्रीय राजमार्ग विभाग को नोटिस जारी करके चेतावनी भी दी है ।
दर असल आज प्रातः कंट्रोल रूम के माध्यम से थाना पटेल नगर को मोहब्बेवाला के पास एक ट्रक के दुर्घटनाग्रस्त होने के संबंध में प्राप्त सूचना पर तत्काल पुलिस बल, फायर सर्विस, ट्रैफिक की टीमें मौके पर पहुँची। मौके पर घटना के संबंध में पूर्ण जानकारी करने पर ज्ञात हुआ कि ट्रक संख्या- HR38AB0216, जो सहारनपुर से सीमेंट लेकर देहरादून आ रहा था, उक्त ट्रक मोहब्बेवाला चौक के पास डिवाइडर से टकराकर दुर्घटनाग्रस्त हो गया। उक्त दुर्घटना में 01 व्यक्ति की मृत्यु तथा 02 अन्य व्यक्ति घायल हुए हैं। दोनों घायल व्यक्तियों को उपचार हेतु राजकीय दून चिकित्सालय भिजवाया गया है तथा मृतक जमील के शव को कोरोनेशन अस्पताल भिजवाया गया है, मृतक के पंचायत नामा की कार्रवाई की जाएगी।
इस मामले में ट्रक चालक के खिलाफ पुलिस द्वारा गैर इरादतन हत्या धारा 105 बीएनएस के अंतर्गत कोतवाली पटेलनगर में अभियोग पंजीकृत किया जा रहा है। देहरादून पुलिस द्वारा उक्त स्थान पर लगातार हो रही दुर्घटनाओं की गंभीरता के दृष्टिगत राष्ट्रीय राजमार्ग विभाग को पूर्व में सूचित करते हुए दुर्घटनाओं की रोकथाम के लिए प्रभावी कार्यवाही करने हेतु अवगत कराया गया था। आज पुनः पुलिस द्वारा राष्ट्रीय राजमार्ग विभाग को लिखित नोटिस प्रेषित किया जा रहा है, 03 दिवस में नोटिस का संतोषजनक प्रतिउत्तर ना मिलने पर संबंधित विभाग के खिलाफ उचित वैधानिक कार्यवाही की जाएगी।
नाम पता मृतक एवं घायल
1-जमील पुत्र मकसूद निवासी छुटमलपुर जिला सहारनपुर उम्र 50 वर्ष *(मृतक)
2-बबलू कश्यप पुत्र कल्लन निवासी मोहब्बेवाला देहरादून मूल निवासी बाराबंकी, उत्तरप्रदेश ,उम्र 45 वर्ष *(घायल)*।
3-रोली पुत्री बबलू कश्यप निवासी मोहब्बेवाला देहरादून, उम्र 18 वर्ष *(घायल)*।








