देहरादून : उत्तराखंड की राजधानी देहरादून से खाकी को शर्मसार करने वाला एक मामला सामने आया है. यहां के राजकीय पॉलिटेक्निक में एक छात्र को परीक्षा में नकल करने से रोकना शिक्षकों को भारी पड़ गया। पुलिस विभाग में तैनात उसके पिता और मामा ने कॉलेज में घुसकर शिक्षकों के साथ बेरहमी से मारपीट की. इस ‘गुंडागर्दी’ के खिलाफ पूरा शिक्षक संघ एकजुट हो गया है और काली पट्टी बांधकर विरोध प्रदर्शन कर रहा है. मामले में दोनों पक्षों की ओर से क्रॉस एफआईआर दर्ज की गई है.
वहीं पद की गरिमा के अनुरूप व्यवहार न करते हुए शिक्षण संस्थान में शिक्षकों के साथ मारपीट व अभद्रता करने की घटना का संज्ञान लेकर एसएसपी देहरादून द्वारा कार्यवाही की गई। देहरादून एसएसपी ने पुलिस दूरसंचार में नियुक्त उप निरीक्षक को निलंबित कर दिया है।
आपको बता दें कि बीते दिनों पॉलिटेक्निक कॉलेज पित्थूवाला देहरादून पदमें नियुक्त स्टॉफ के साथ मारपीट कर उनके सरकारी कार्य में बाधा पहुँचाने की घटना का संज्ञान लेते हुए एसएसपी देहरादून द्वारा पुलिस दूरसंचार शाखा में नियुक्त उप निरीक्षक पुलिस दूरसंचार महेश कंडवाल को तत्काल प्रभाव से निलम्बित कर दिया है।
वहीं बता दें कि प्राविधिक शिक्षा निदेशक देशराज ने पूरे मामले की जांच को प्रधानाचार्य के नेतृत्व में तीन सदस्यीय कमेटी बनाई है। मारपीट के फुटेज व शिक्षकों के बयान पर आधारित रिपोर्ट शासन को भेजी जाएगी।साथ ही प्राविधिक शिक्षा मंत्री डॉ धन सिंह रावत और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को भी अवगत कराया जाएगा।निदेशक ने कहा कि सरकारी कर्मचारियों से ड्यूटी के दौरान मारपीट व हमला करने के विरुद्ध सरकार ने हाल ही में एसओपी जारी की है। जिससे संबंधित धाराओं में भी काईवाई हो सकेगी।







