बेहोश होकर गिरे विधायक तिलकराज बेहड़, अनिश्चितकाल के लिए बैठे थे धरने पर, SDM पर लगाया ये आरोप

उधम सिंह नगर में किच्छा एसडीएम कार्यालय के बाहर शनिवार को धरने को संबोधित कर रहे किच्छा विधायक तिलक राज बेहड़ की तबीयत बिगड़ गई। वह बेहोश होकर गिर पड़े। उनको तुरंत रुद्रपुर के मेडिसिटी अस्पताल पहुंचाया गया। यहां  उनको भर्ती किया गया है। इस घटना की सूचना मिलते ही अधिकारियों में हड़कंप मच गया। सभी अधिकारी विधायक का हाल जानने अस्पताल पहुंचे।

किच्छा में एसडीएम को हटाने की मांग को लेकर विधायक तिलक राज बेहड़ अपने समर्थकों और व्यापारियों के साथ कई दिनों से एसडीएम कार्यालय के सामने अनिश्चितकालीन धरना दे रहे थे। दरअसल, किच्छा व्यापार मंडल का चुनाव 25 जुलाई को होना था, लेकिन एसडीएम ने व्यापार मंडल चुनाव पर रोक लगा दी थी। इसके बाद किच्छा विधायक ने एसडीएम कोस्तुभ मिश्रा पर भाजपा के पूर्व विधायक राजेश शुक्ला के दबाव में चुनाव पर रोक लगाने का आरोप लगाते हुए एसडीएम के खिलाफ आंदोलन शुरू कर दिया था।

विधायक बेहड़ का आरोप था कि किच्छा एसडीएम एक नेता की कटपुतली बन गए हैं। आज जब विधायक धरना स्थल पर प्रदर्शनकारियों को संबोधित कर रहे थे तो उनकी तबीयत बिगड़ गई। इससे वहां हड़कंप मच गया। विधायक को तुरंत रुद्रपुर के मेडिसिटी अस्पताल में भर्ती कराया गया। वहीं, घटना की जानकारी मिलते ही जिलाधिकारी उदय राज सिंह और एसएसपी मंजू नाथ टीसी ने अस्पताल पहुंचकर विधायक का हालचाल जाना। मेडिसिटी अस्पताल के एमडी डॉक्टर दीपक छाबड़ा के मुताबिक, विधायक की हालत में काफी सुधार है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *