जम्मू-कश्मीर के बारामूला जिले में देश की सुरक्षा में तैनात कोटद्वार निवासी राइफलमैन सूरज सिंह नेगी (25) वीरगति को प्राप्त हो गए। बीते दिन हुए एक सैन्य अभियान के दौरान क्रॉस फायरिंग में गोली लगने से सूरज शहीद हो गए। देश ने एक और वीर जवान को खो दिया, जबकि कोटद्वार ने अपना बहादुर बेटा।
जानकारी मिली है कि सूरज सिंह नेगी साल 2021 में गोरखा रेजिमेंट में भर्ती हुए थे। सूरज कुछ समय पहले ही छुट्टी पर अपने घर आए थे और हाल ही में फिर से ड्यूटी पर लौटे थे। सूरज सिंह नेगी कोटद्वार के लालपुर गांव के रहने वाले थे. देश की सेवा में अपने प्राणों की आहुति देने वाले सूरज सिंह ने अपने साहस, कर्तव्यनिष्ठा और देशभक्ति का अनुपम उदाहरण दिया.
बारामूला के सीमावर्ती क्षेत्र में ड्यूटी के दौरान अचानक क्रॉस फायरिंग की स्थिति बनी. जिसमें सूरज सिंह नेगी को गोली लगी. गोली लगने के बाद उन्हें तत्काल सैन्य चिकित्सालय ले जाया गया, लेकिन उन्होंने वहां अंतिम सांस ली. सूरज के शहीद होने की खबर मिलते ही न केवल उनका परिवार बल्कि पूरा गढ़वाल क्षेत्र शोक में डूब गया.
आज शहीद सूरज सिंह नेगी का पार्थिव शरीर कोटद्वार लाया गया जहां पूरे सैन्य सम्मान के साथ अंतिम संस्कार किया गया। उनके शहीद होने की सूचना से क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है। नगरवासियों की आंखें नम हैं, लेकिन साथ ही गर्व भी है कि कोटद्वार की धरती ने ऐसा सपूत देश को दिया।
शहीद के अंतिम दर्शन के लिए बड़ी संख्या में लोग उनके आवास और अंतिम यात्रा में शामिल होने आ रहे हैं। प्रशासन द्वारा भी सभी आवश्यक तैयारियाँ पूरी कर ली गई हैं।