देहरादून : देवभूमि उत्तराखण्ड को नशामुक्त बनाने के संकल्प के साथ उत्तराखण्ड पुलिस द्वारा पुलिस महानिदेशक, उत्तराखण्ड के आदेशानुसार अपर पुलिस महानिदेशक, अपराध एवं कानून व्यवस्था उत्तराखण्ड के पर्यवेक्षण में नशा तस्करों एवं उनके संगठित नेटवर्क के विरुद्ध *दिनांक 24 एवं 25 नवम्बर 2026 को प्रदेशभर में दो दिवसीय विशेष अभियान ‘ऑपरेशन ट्रैक-7’ चलाया गया।* इस व्यापक अभियान के दौरान पुलिस ने न केवल नशा तस्करों की धरपकड़ की, बल्कि नशे के कारोबार से जुड़े संवेदनशील ठिकानों, संदिग्ध व्यक्तियों एवं उनके नेटवर्क को भी निशाने पर लिया।
अभियान के दौरान प्रदेशभर में गठित 181 पुलिस टीमों द्वारा 968 संदिग्ध व्यक्तियों का सत्यापन करते हुए 273 चिन्हित हॉटस्पॉट पर सघन चेकिंग एवं छापेमारी की गई।* अभियान का नेतृत्व वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक एसटीएफ एवं संबंधित जनपदों के पुलिस कप्तानों, अपर पुलिस अधीक्षकों एवं क्षेत्राधिकारियों द्वारा किया गया।
देहरादून में सपेरा बस्ती, बिंदाल पुल एवं ऋषिकेश के गुमानीवाला, नैनीताल में गूलरभोज/गुल्लरघट्टी, कोटद्वार में कोड़िया बैरियर, टिहरी में मुनि की रेती तथा ऊधमसिंह नगर में भूरारानी एवं रम्पुरा जैसे संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष अभियान चलाकर नशे के संदिग्ध अड्डों एवं तस्करी नेटवर्क पर प्रभावी कार्रवाई की गई।
*अभियान के दौरान की गई प्रमुख कार्रवाई एवं बरामदगी*
ऑपरेशन ट्रैक-7 के तहत प्रदेशभर में NDPS Act के अंतर्गत कुल 69 अभियोग पंजीकृत कर 76 अभियुक्तों को गिरफ्तार किया गया। इस दौरान निम्नलिखित मादक पदार्थ एवं अन्य सामग्री बरामद की गईं:
• 450 ग्राम अवैध हेरोइन
• 4.9 किलोग्राम अवैध चरस
• 45 किलोग्राम अवैध गांजा
• 1,510 नशीली टैबलेट/कैप्सूल
• अंग्रेजी शराब की 40 पेटियां
बरामद मादक पदार्थों एवं शराब का अनुमानित बाजार मूल्य लगभग ₹1.35 करोड़ है।
ANTF/STF की विशेष कार्रवाई: अभियान के दौरान ANTF/STF द्वारा व्यावसायिक मात्रा (Commercial Quantity) के मादक पदार्थों से संबंधित 02 अभियोगों में विशेष कार्रवाई करते हुए 4.1 किलोग्राम चरस एवं 1,282 नशीली टैबलेट/कैप्सूल बरामद किए गए।
नशा तस्करों के नेटवर्क पर चौतरफा प्रहार
अभियान के दौरान केवल गिरफ्तारी तक सीमित न रहते हुए नशा तस्करी में संलिप्त अपराधियों एवं उनके नेटवर्क के विरुद्ध भी प्रभावी कार्रवाई की गई।
• 02 अभियुक्तों के विरुद्ध गैंगस्टर एक्ट के तहत कार्रवाई।
• 05 गैर-जमानती वारंट (NBW) का निष्पादन।
• 61 हिस्ट्रीशीट खोली गईं।
• MANAS हेल्पलाइन 1933 पर प्राप्त 08 शिकायतों का सत्यापन।
• 1.3 एकड़ भूमि पर अवैध मादक फसल का विनष्टीकरण
*वर्ष 2026 में नशा तस्करों के विरुद्ध उत्तराखण्ड पुलिस की कार्रवाई*
उत्तराखण्ड पुलिस द्वारा वर्ष 2026 में अब तक NDPS Act के अंतर्गत कुल 1,340 अभियोग पंजीकृत कर 1,601 अभियुक्तों को गिरफ्तार किया गया है। इस दौरान लगभग ₹62 करोड़ मूल्य के मादक पदार्थ बरामद किए जा चुके हैं।
*PITNDPS एवं वित्तीय अन्वेषण से नशा तस्करों की अवैध संपत्ति पर प्रहार*
नशा तस्करी में बार-बार संलिप्त पाए जाने वाले अपराधियों के विरुद्ध कठोर निरोधात्मक कार्रवाई करते हुए वर्ष 2026 में PITNDPS Act के अंतर्गत 16 व्यक्तियों के विरुद्ध कार्रवाई की गई है।इसके अतिरिक्त वित्तीय अन्वेषण (Financial Investigation) के माध्यम से नशा तस्करी से अर्जित अवैध संपत्ति को चिह्नित कर लगभग ₹6.30 करोड़ की संपत्ति जब्त की गई है।
उत्तराखण्ड पुलिस का संकल्प
उत्तराखण्ड पुलिस का स्पष्ट संदेश है कि नशे के कारोबार में संलिप्त तस्करों, उनके संगठित नेटवर्क एवं नशे से अर्जित अवैध संपत्ति के विरुद्ध कार्रवाई निरंतर जारी रहेगी। नशे के कारोबार की जड़ों तक पहुंचकर इस अवैध धंधे को समाप्त करना पुलिस की प्राथमिकता है।
देवभूमि उत्तराखण्ड की युवा पीढ़ी को नशे के जाल से सुरक्षित रखना और एक स्वस्थ, सुरक्षित एवं नशामुक्त समाज का निर्माण करना उत्तराखण्ड पुलिस का दृढ़ संकल्प है।








